झमाझम बारिश में बीच से दरकी सड़क, स्कूली बच्चों संग फंसे राहगीर
तारडीह प्रखंड में चक्का से इजरहटा जाने वाली मुख्य सड़क टूटने से विद्यालय तक पहुंचना हुआ मुश्किल, प्रशासन ने मरम्मत की पहल की।

पटना. बिहार के दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। चक्का से इजरहटा जाने वाली मुख्य सड़क बीच से दरक जाने के कारण उच्च माध्यमिक विद्यालय चक्का के बच्चों और शिक्षकों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क धंसने के कारण कई जगहों पर गहरे गड्ढे हो गए और बच्चों समेत राहगीर बीच रास्ते में फंस गए। यह वही सड़क है जिससे विद्यालय तक शिक्षक और छात्र-छात्राएं पहुंचते हैं। स्कूल में दो पालियों में पढ़ाई होती है—पहली पाली में माध्यमिक स्तर और दूसरी पाली में उच्च माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित होती हैं।
स्कूल के प्रधानाध्यापक महेंद्र महतो ने स्थिति की जानकारी तुरंत अंचल अधिकारी (सीओ) को दी। सूचना मिलते ही सीओ दिलीप कुमार गुप्ता, बीडीओ प्रीति कुमारी और स्थानीय मुखिया महमूद आलम मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त सड़क का मुआयना किया।
प्रशासन की पहल
सीओ दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि तत्काल राहत के लिए सड़क पर मिट्टी, ईंट और पत्थर डालकर आवागमन बहाल किया जाएगा। वहीं, बीडीओ प्रीति कुमारी ने कहा कि प्रखंड व अंचल प्रशासन स्थानीय मुखिया के सहयोग से सड़क को फिर से सुगम बनाने का उपाय कर रहा है।
प्रधानाध्यापक का कहना है कि स्कूल तक पहुंचने का यही मुख्य रास्ता है। यदि बारिश जारी रही और सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश के दिनों में छात्रों और ग्रामीणों को इस तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।




