चाइनीज मांझे का शिकार हुई युवती, हाथ और चेहरे पर आए गंभीर चोट, लगाने पड़े 10 टांके
रायपुर। Raipur Chinese Manjha: मकर संक्रांति से पहले राजधानी रायपुर में एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का खतरनाक खेल सामने आया है। ज्यादा मुनाफा कमाने की लालच में बाजारों में खुलेआम चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है, जो अब जानलेवा साबित हो रहा है।
बता दें कि, ताजा मामला राजधानी के लाखे नगर चौक का है, जहां चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती की पहचान नेहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सड़क से गुजरते वक्त चाइनीज मांझा अचानक युवती के चेहरे पर लिपट गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हालत इतनी गंभीर थी कि युवती के चेहरे पर करीब 10 टांके लगाने पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा अचानक हुआ और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले पिछले साल भी चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक नाबालिग बच्चे की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद हर साल मकर संक्रांति के दौरान ऐसे खतरनाक हादसे सामने आते हैं।
Raipur Chinese Manjha: वहीं प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इसकी अवैध बिक्री जारी है। सवाल यह है कि आखिर कब प्रशासन इस पर सख्त कार्रवाई करेगा और कब लोगों की जान की कीमत समझी जाएगी।




