Raipur Ganja Smuggling: अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 8 लाख का गांजा जब्त, पति-पत्नी सहित नाबालिग गिरफ्तार
रायपुर। Raipur Ganja Smuggling: रायपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टिकरापारा थाना पुलिस ने 15 किलो 431 ग्राम अवैध गांजा के साथ पति-पत्नी और एक नाबालिग बालिका को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री के नशामुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत चल रही कार्रवाई में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, भाठागांव बस स्टैंड स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के पास कुछ संदिग्ध लोग गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लाल रंग के बैग में पैक कर रखा गया 15.431 किलो गांजा बरामद हुआ।
Raipur Ganja Smuggling: पूछताछ में खुलासा हुआ कि नाबालिग बालिका आरोपियों की रिश्तेदार नहीं थी, बल्कि पुलिस जांच से बचने और खुद को परिवार बताने के लिए उसे साथ रखा गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी हंसराज और उसकी पत्नी सोनिया गुज्जर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जबलपुर में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।




