
युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में हुई भारी धांधली, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और प्रशासनिक मनमानी के विरोध में आज प्रदेशभर के शिक्षक सड़कों पर उतर आए। शिक्षक साझा मंच के प्रदेश संचालक केदार जैन की अगुवाई में पूरे राज्य में प्रदर्शन किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।
जगदलपुर सहित विभिन्न संभाग मुख्यालयों पर रैलियां निकाली गईं और ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि युक्तियुक्तकरण में भ्रष्टाचार और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों में दोषी सभी डीईओ और बीईओ को बर्खास्त कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें जेल भेजा जाए।
READ MORE : मरीन ड्राइव निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी, कांग्रेस का विरोध, कई कार्यकर्ता हिरासत में
10 और 13 जून को आंदोलन की घोषणा
शिक्षक साझा मंच द्वारा 10 और 13 जून को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी। इसी क्रम में आज बस्तर संभाग के तहत जगदलपुर में व्यापक प्रदर्शन हुआ, जहां शिक्षकों ने दस्तावेजी प्रमाणों के साथ अधिकारियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को सार्वजनिक किया।
READ MORE : शिक्षकों का संलग्नीकरण खत्म, 16 जून तक रिपोर्ट मांगी गई, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पुराना सेटअप लागू करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश संचालक केदार जैन ने कहा कि वर्तमान युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया पूरी तरह विसंगतिपूर्ण और पक्षपातपूर्ण है, जिसे तत्काल रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने वर्ष 2008 का सेटअप फिर से लागू करने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार, जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।




