रायुपर में धरना, बैंड, धुमाल, घोड़ी बग्गी वाले बोले-सबका काम शुरू कर दिया, हमारा भी करा दो सरकार

रायपुर। अनलाॅक-4 में कई तरह की छूट दे दी गई है। इसी को लेकर रायपुर में बैंड, धुमाल, घोड़ी बग्गी वालों ने आज रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित धरना स्थल पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान धुमाल पार्टी वालों ने कहा कि सबका काम शुरू हो गया है, सिर्फ हम लोगों को ही काम शुरू करने की अनुमति नहीं मिली है, इसलिए सरकार से अनुरोध है कि हमें भी जल्द काम शुरू करने की अनुमति दी जाए।
चंदू धुमाल संचालक चंदू कौशिक ने बताया कि हम लगातार धरना दे रहे हैं, सरकार की तरफ से कोई हमें गाइडलाइन नहीं मिला है। हम कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। सभी मार्केट खुल चुके हैं, जिम खुल चुके हैं सभी को सामाजिक दूरी बनाकर काम करने कहा जाता है, लेकिन गोल बाजार में भारी संख्या में व्यापारी भीड़ जमा कर खड़े होते हैं, सभी दुकानें एक दूसरे से सटी हुई है, हम दूर-दूर पर काम करने को तैयार है, फिर भी हमें कोई मौका नहीं दिया जा रहा है। हमारी सरकार से अपील है कि हमें भी छूट दें क्योंकि अब रोजी-रोटी की समस्या हो रही है।




