CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी के गहरे अवदाब का असर, प्रदेश में फिर एक्टिव हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के तट पार करने के साथ ही प्रदेश में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ समेत कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में सोमवार सुबह से बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान व्यापक वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, राजनांदगांव, बिलासपुर सहित मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
CG Weather Update: प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी और जलभराव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे प्रदेश के मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे और बंगाल की खाड़ी का यह सिस्टम छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश का प्रमुख कारण बनेगा।




