India 1st Bullet Train: देश में हाईस्पीड रेल युग की शुरुआत,रेलवे मंत्रालय ने दिखाई पहली बुलेट ट्रेन की झलक
नई दिल्ली। India 1st Bullet Train: वंदे भारत ट्रेन के बाद अब इंडिया को बुलेट ट्रेन की भी सौगात मिल गई है। भारतीय रेलवे ने देश की पहली बुलेट ट्रेन का डिजाइन पब्लिक कर दिया है। भारतीय रेलवे ने मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर चलने वाली देश की पहली बुलेट ट्रेन का डिजाइन जारी कर दिया है। रेल मंत्रालय की ओर से जारी इस झलक के बाद लोगों में परियोजना को लेकर उत्साह बढ़ गया है।
रेल मंत्री अश्विन वैष्णव के नेतृत्व में बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। यह ट्रेन अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय सफर का अनुभव देगी। मुंबई से अहमदाबाद के बीच बनने वाला हाईस्पीड रेल कॉरिडोर लगभग 508 किलोमीटर लंबा होगा। इस रूट पर बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
यह ट्रेन महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगी। इस रूट पर कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं।
India 1st Bullet Train: बता दें कि, इस परियोजना के तहत कई आधुनिक स्टेशन बनाए जा रहे हैं। बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में गुजरात और महाराष्ट्र के कई प्रमुख शहर शामिल होंगे। रेलवे के अनुसार ट्रैक, स्टेशन और ब्रिज निर्माण का काम तेजी से जारी है। रेलवे का कहना है कि सुरक्षा और आराम के मामले में यह ट्रेन विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगी।




