CG Weather Update: प्रदेश के कई जिलों में आज होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट
रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से लगातार वर्षा हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
CM Sai Today Program: आज राजधानी में ही मौजूद रहेंगे सीएम साय, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
विभाग के मुताबिक कांकेर, धमतरी, बालोद और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में नमी लगातार बनी हुई है। इसी कारण अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर तेज वर्षा होने की संभावना है।
CG Weather Update: राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने तथा बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।




