Monsoon Session 2026: अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में गरमाई बहस, पूर्व CM भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना
रायपुर। Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल ने सरकार और भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर जमकर हमला बोला। चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि वह भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और धरमजीत सिंह का धन्यवाद देना चाहते हैं, क्योंकि उन्होंने पूरे अविश्वास प्रस्ताव को गंभीरता से पढ़ा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने आरोपों की पूरी “चार्जशीट” तैयार की, जिसके लिए वे उनका आभार व्यक्त करते हैं।
बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेताओं का भाषण सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का नाम लिए बिना शुरू नहीं होता। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनता के मुद्दों का जवाब नहीं है, इसलिए वह लगातार कांग्रेस नेतृत्व को निशाना बनाती है। आरएसएस पर भी टिप्पणी करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि “आरएसएस का ड्रम, हाफ पैंट और टोपी मुसोलिनी से आई है।” इस बयान पर सदन में हंगामे की स्थिति भी बनी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने हसदेव अरण्य का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार 13 दिसंबर को बनी, लेकिन 11 दिसंबर से ही हसदेव में पेड़ काटने का काम शुरू हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को “एक अदृश्य शक्ति” चला रही है। कृषि और खाद की उपलब्धता का मुद्दा उठाते हुए बघेल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों को एक बोरा डीएपी खाद तक उपलब्ध नहीं करा सकी, जबकि कांग्रेस सरकार ने कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में भी खाद की कमी नहीं होने दी थी।
Monsoon Session 2026: इसी दौरान सदन में नकटी गांव का मुद्दा भी चर्चा का केंद्र बना रहा। भाजपा विधायक अनुज शर्मा की शायरी के बीच विपक्ष ने सवाल उठाया कि “नकटी पर क्या हुआ?” जिसके बाद सदन में कुछ देर तक तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिली। अविश्वास प्रस्ताव पर विधानसभा में चर्चा जारी है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।




