Raipur News: बदमाशों की अब खैर नहीं, आदतन अपराधी को किया जिलाबदर, जुआ समेत 18 मामले दर्ज

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: रायपुर में आदतन अपराधियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से संलिप्त आरोपी राजकुमार उर्फ चेतन साहू के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। पुलिस कमिश्नर ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आदेश जारी करते हुए आरोपी को तीन महीने के लिए छह जिलों की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर पुलिस के अनुसार टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर निवासी राजकुमार उर्फ चेतन साहू वर्ष 2010 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, नकबजनी, लूट, आर्म्स एक्ट, जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके विरुद्ध कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
Raipur News: पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र की रिपोर्ट और उपलब्ध आपराधिक रिकॉर्ड के परीक्षण के बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5(ख) के तहत जिला बदर का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार आरोपी को आगामी तीन माह तक रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिले की राजस्व सीमाओं से बाहर रहना होगा। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना है।




