Onion Price Hike: सरकार ने बढ़ाया प्याज खरीद मूल्य, किसानों को मिली राहत, लेकिन बिगड़ा किचन का बजट
नई दिल्ली। Onion Price Hike: देश में बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की चिंताएं बढ़ा दी है। रोजमर्रा की जरूरतों पर बढ़ते खर्च के बीच अब प्याज की कीमतों में भी तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। सरकार ने किसानों से प्याज खरीदने की दर में वृद्धि की है, जिसका असर आने वाले समय में खुदरा बाजार पर दिखाई दे सकता है। केंद्र सरकार ने अपने बफर स्टॉक कार्यक्रम के तहत प्याज की खरीद कीमत 15.80 रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर 16.50 रुपये प्रति किलो कर दी है। नई दरें शनिवार से प्रभावी हो गई हैं। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराना है।
किसान कर रहे अधिक कीमत की मांग
देश के सबसे बड़े प्याज उत्पादक राज्य महाराष्ट्र के किसानों का मानना है कि मौजूदा खरीद दर पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी जैसी लागतों में लगातार वृद्धि हुई है, इसलिए सरकार को प्याज की खरीद कम से कम 30 रुपये प्रति किलो की दर से करनी चाहिए। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि खरीद मूल्य में बड़ी बढ़ोतरी का असर सीधे उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।
खाद्य महंगाई बनी चिंता का विषय
मई महीने के आंकड़ों के अनुसार कई खाद्य वस्तुओं की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। टमाटर के दाम में करीब 48 प्रतिशत और अदरक की कीमतों में 32 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई। खाद्य वस्तुओं के बढ़ते दामों ने खुदरा महंगाई को भी प्रभावित किया है। वहीं सरकारी खरीद मूल्य बढ़ने के बाद बाजार में प्याज की कीमतों में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो पहले से महंगाई का सामना कर रहे उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
वैश्विक परिस्थितियों का भी असर
Onion Price Hike: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी तनाव और कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भी भारतीय अर्थव्यवस्था पर देखने को मिल रहा है। ऐसे में आने वाले महीनों में खाद्य पदार्थों की कीमतों को लेकर चिंता बनी हुई है। बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं के महंगे होने से आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।




