Pink Saheli Smart Card: रक्षाबंधन से पहले महिलाओं के लिए खुशखबरी, मिलेगा मल्टी-यूज़ ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’, बस यात्रा के साथ मेट्रो और खरीदारी में भी होगा इस्तेमाल
नई दिल्ली। Pink Saheli Smart Card: दिल्ली की महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना को अब नई डिजिटल सुविधा से जोड़ा जा रहा है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के रूप में विकसित किया है। इसके जरिए महिलाएं न केवल डीटीसी बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर इसे बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के लिए भी इस्तेमाल कर सकेंगी।
दो तरह के कार्ड होंगे उपलब्ध
डीटीसी इस स्मार्ट कार्ड को दो श्रेणियों में जारी करेगा।
- जीरो KYC कार्ड: यह आधार और OTP सत्यापन के बाद जारी होगा। इसका मुख्य उपयोग डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए किया जाएगा।
- फुल KYC कार्ड: इस कार्ड में बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसे डेबिट कार्ड की तरह मेट्रो, नमो भारत ट्रेन, दुकानों, मॉल और अन्य डिजिटल भुगतान के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा कार्ड
परिवहन विभाग के अनुसार, कार्ड प्राप्त करने के लिए महिलाओं को डीटीसी के अधिकृत बैंक के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी देनी होगी। जरूरत पड़ने पर पैन कार्ड भी मांगा जा सकता है। वीडियो KYC प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्ड आवेदक के पते पर भेज दिया जाएगा।
बस में ऐसे मिलेगा मुफ्त यात्रा का लाभ
मुफ्त बस यात्रा के लिए महिला यात्रियों को बस में चढ़ने के बाद अपने पिंक सहेली कार्ड को इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन पर टैप करना होगा। इसके बाद उन्हें बिना किराया दिए यात्रा की सुविधा मिल जाएगी। यदि कार्ड का उपयोग मेट्रो, नमो भारत ट्रेन या अन्य स्थानों पर भुगतान के लिए करना है, तो पहले उसमें बैंक खाते या UPI के माध्यम से राशि जोड़नी होगी।
1 अगस्त से नया नियम लागू
डीटीसी ने स्पष्ट किया है कि 1 अगस्त से मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा। वैध कार्ड के बिना महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। इसे लेकर बस डिपो और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
अलग-अलग यात्रियों के लिए अलग रंग
परिवहन विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों के लिए अलग-अलग रंगों के स्मार्ट कार्ड निर्धारित किए हैं।
- गुलाबी (Pink): महिला यात्री
- नीला (Blue): सामान्य यात्री
- नारंगी (Orange): वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन
Pink Saheli Smart Card: हालांकि, विभाग के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए नारंगी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। नई व्यवस्था का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक डिजिटल, सुविधाजनक और एकीकृत बनाना है, ताकि एक ही कार्ड के माध्यम से यात्रा और भुगतान दोनों सेवाओं का लाभ लिया जा सके।



