Raid In Shubham K-Mart: शुभम के मार्ट में खाद्य विभाग का छापा, जुलाई में बिक रहा था अगस्त पैकेजिंग डेट का सामान, 38 पैकेट सीज
खैरागढ़। Raid In Shubham K-Mart: खैरागढ़ जिले के एक प्रमुख रिटेल स्टोर शुभम के मार्ट में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। जांच के दौरान स्टोर में भविष्य की पैकेजिंग तिथि (अगस्त 2026) अंकित पोहा बिक्री के लिए रखा मिला। शिकायत मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए ऐसे 38 पैकेट जब्त कर सीज कर दिए।
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को खरीदारी करने पहुंचे एक ग्राहक की नजर ॐ शांति कंपनी के पोहा पैकेट पर पड़ी, जिस पर पैकेजिंग तिथि अगस्त 2026 दर्ज थी। ग्राहक ने पहले इस संबंध में स्टोर प्रबंधन को जानकारी दी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इसकी शिकायत खाद्य एवं औषधि प्रशासन से कर दी।
शिकायत मिलते ही अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्टोर में रखे संबंधित उत्पादों की जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विभाग ने भविष्य की पैकेजिंग तिथि वाले 38 पैकेटों को बिक्री से तत्काल हटवाया और पंचनामा तैयार कर उन्हें सीज कर दिया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि किसी भी खाद्य उत्पाद पर भविष्य की पैकेजिंग तिथि अंकित होना मिसब्रांडिंग (Misbranding) की श्रेणी में आता है, जो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है। विभाग ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित निर्माता कंपनी और अन्य जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Raid In Shubham K-Mart: खाद्य विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि किसी भी खाद्य सामग्री की खरीदारी करते समय उसकी पैकेजिंग तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और गुणवत्ता संबंधी जानकारी अवश्य जांचें। यदि किसी उत्पाद में अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


