ट्रेलर की चपेट में आए मां – बेटी, महिला की मौत, बेटी की हालत गंभीर

भिलाई। खुर्सीपार के पास एक ट्रेलर की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई है। वहीं महिला की बेटी गंभीर रुप से घायल हो गई है। घायल बेटी को इलाज के लिए दुर्ग रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक मृतिका की पहचान शांतिपारा कैंप 1 भिलाई निवासी उषा देवी प्रजापति पति कमलेश प्रजापति के रूप में हुई है। वो अपनी बेटी के साथ रविवार सुबह 8 बजे स्कूटर से रायपुर की तरफ जा रही थी। स्कूटर को बेटी चला रही थी। वो लोग जैसे ही न्यू खुर्सीपार सतनाम नगर के पास पहुंचे पीछे से तेज रफ्तार में ट्रेलर ने मां बेटी को जोरदार टक्कर मार दी।
इससे बेटी स्कूटर लेकर दूर गिरी और मां ट्रेलर के पिछले पहिए के नीचे आ गई। ट्रेलर का पहिया महिला के ऊपर से गुजर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर शव को पीएम के लिए भेजा।




