Raipur News: कोर्ट परिसर में बदमाशों की एंट्री, कैदियों से मिलने पहुंचे दोस्तों की जेब से निकले चाकू, छापेमारी से मचा हड़कंप
हिमांशु पटेल/रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया। कोर्ट परिसर में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाते हुए चारों तरफ घेराबंदी की गई और आने-जाने वाले लोगों की सघन तलाशी ली गई। दरअसल, कोर्ट परिसर में रोजाना आरोपी, अपराधी और उनसे जुड़े लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सेंट्रल कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले जिला न्यायालय परिसर में यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने दो लोगों के पास से बटनदार चाकू बरामद किया, जिसके बाद दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट जैसे संवेदनशील और संवैधानिक स्थानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे पहले भी जिला कोर्ट परिसर में चाकूबाजी और वकीलों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।
Raipur News: अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की आकस्मिक चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि कोर्ट परिसर में हथियार लेकर आने वाले असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके और न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे।




