UP Accident: बिजली कटौती बनी मौत की वजह…बाहर सो रहे परिवार को डंपर ने रौंदा, 4 लोगों की मौत, 1 घायल
बाराबंकी। UP Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण एक परिवार घर के बाहर सोने को मजबूर था, तभी तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने पूरे परिवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पिता, एक बेटे और दो बेटियों समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक देर रात इलाके में बिजली नहीं थी, जिसके चलते 35 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी आरती और बच्चों के साथ घर के बाहर सो रहे थे। तभी तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराया और फिर परिवार पर चढ़ गया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसर गया।
मृतकों में नीरज, उनका 13 वर्षीय बेटा अनुराग, 10 वर्षीय बेटी अंशिका और 6 वर्षीय आंशू शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल पत्नी आरती को पहले जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
UP Accident: इस हादसे ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण लोग रात में घरों के बाहर सोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि “अगर बिजली रहती तो शायद आज पूरा परिवार जिंदा होता।कल




