Raipur News: 52 मामलों में जब्त नशीले पदार्थों का खात्मा, 272 किलो गांजा समेत हजारों टेबलेट नष्ट
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन क्षेत्र के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए प्रतिबंधित मादक पदार्थों का आज विधिसम्मत तरीके से नष्टीकरण किया गया। यह पूरी कार्रवाई सिलतरा स्थित Jayaswal Neco Industries के पावर प्लांट में संपन्न हुई।
जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर, आबकारी विभाग के अधिकारी और नॉर्थ जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस के अनुसार, नॉर्थ जोन के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 52 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें 272 किलो से अधिक गांजा, 2 किलो से ज्यादा डोडा, करीब 484 ग्राम अफीम, 37 ग्राम से अधिक हेरोइन, 5 हजार से ज्यादा प्रतिबंधित टैबलेट और कैप्सूल, साथ ही 545 शीशी नशीली सिरप शामिल थीं।
Raipur News: पर्यावरण विभाग से अनुमति लेने के बाद सभी प्रतिबंधित पदार्थों को पावर प्लांट की भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त संदेश देना है।




