सेंट्रल बैंक में एक महीने में चौथी बार लॉकर से गायब हुए गहने, 27 लाख के जेवर चोरी

उत्तरप्रदेश। कानपुर के सेंट्रल बैंक में एक महीने में चौथी बार खाताधारकों के लॉकर से जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। यहां एक और व्यापारी के लॉकर से करीब 27 लाख रुपये के जेवर गायब हो गए है। बैंक में ज्यादातर व्यापारियों के ही लॉकर हैं, इसलिए व्यापार मंडल के नेताओं ने ब्रांच में पहुंच कर जमकर हंगामा किया।
व्यापार मंडल के लोगों ने बैंक मैनेजर से पूछा कि आखिर व्यापारी के लॉकर से जेवर कैसे गायब हो गए। वहीं किराना व्यापारी पंकज गुप्ता के बैंक लॉकर से 27 लाख के जेवर गायब होने से वह काफी परेशान नजर आए।। बताया जा रहा है कि, बैंक के लॉकरों से लगातर जेवर गायब होने की सूचना पर पंकज गुप्ता अपनी पत्नी निधि गुप्ता के साथ मंगलवार को लॉकर चेक करने के लिए बैंक पहुंचे थे। इसके बाद गुप्ता ने अपना बैंक लॉकर खुलवाया, तो वह खाली निकला। इसके बाद उन्होंने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। पूरे बैंक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पकंज गुप्ता का आरोप है कि उनके जीवन भर की कमाई के गहने लॉकर में रखे, जो गायब हो गए।
सेंट्रल बैंक की इस ब्रांच से अबतक चार लोगों के लाखों के जेवर गायब हो चुके हैं, जिनमें मंजू भट्टाचार्या, सीता गुप्ता, शकुंतला पोद्दार और निधि गुप्ता शामिल हैं। लॉकर से जेवर गायब होने की सूचना पर लखनऊ से रीजनल मैनेजर एसके गुप्ता खुद बैंक में जांच करने पहुंचे। पुलिस के साथ उन्होंने लॉकर रूम में जाकर चेक किया। जब उनसे पूछा गया कि जिनके जेवर गायब हुए हैं उसमें क्या बैंक की कोई जिम्मेदारी नहीं है। इस पर उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही, जिनके जेवर गायब हुए हैं वो एफआईआर करा दें। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




