तंत्र-मंत्र के संदेह में कब्र से साधु का सिर कटा शव बरामद
किशनगंज जिले के सीमा क्षेत्र लाहिल गांव में कब्र से साधु ब्रिजेन राय उर्फ अलगू बाबा का सिर कटा शव बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. ग्रामीणों और पुलिस की पूछताछ में यह मामला तंत्र-मंत्र सिद्धि के संदेह से जुड़ा पाया गया; मुख्य आरोपी प्रसाद राय को गिरफ्तार कर लिया गया है.

किशनगंज। जिला मुख्यालय से सटे बंगाल के लाहिल गांव में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक साधु संत बर्जेन रॉय की कब्र से उनके शव को निकालकर सिर काट लिया गया है। यह घटना उनकी मृत्यु के 14 दिन बाद हुई है। ग्रामीणों ने इस कृत्य के पीछे तंत्र-मंत्र और जादू-टोना की आशंका जताई है, खासकर दुर्गा पूजा के समय में।
आरोपी युवक की पहचान 25 वर्षीय प्रसाद राय के रूप में हुई है, जो किशनगंज प्रखंड के महीनगांव पंचायत के मारवा टोली गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि प्रसाद राय ने मंगलवार रात को पश्चिम बंगाल के चाकूलिया थाना क्षेत्र स्थित लाहिल गांव में जाकर चुपके से साधु के शव को बाहर निकाला और उसका सिर काट कर अपने घर ले आया। जब वह सिर लेकर जा रहा था, तो कुछ ग्रामीणों ने उसे रोका और पूछताछ की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने इस मामले को सुलझाने के लिए पंचायत भी बुलाई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। अंततः, स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। टाउन थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आरोपी प्रसाद राय को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि प्रसाद राय कथित तौर पर तांत्रिक सिद्धियां प्राप्त करने के लिए यह सब कर रहा था, ताकि वह शक्ति अर्जित कर दूसरों पर जादू-टोना कर सके। सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि चूंकि यह मामला बंगाल के क्षेत्र का है, इसलिए गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ के बाद उसे बंगाल पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।




