बलरामपुर युवक की मौत के मामले में एसडीएम समेत चार गिरफ्तार, अवैध खनन के आरोप में की थी ग्रामीण की हत्या
बलरामपुर। Balrampur News: बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में युवक की मौत के मामले में एसडीएम समेत चार जेल भेजे गए। बताया गया कि, बलरामपुर जिले के कुसमी अंतर्गत हंसपुर गांव में राम नरेश उरांव की मौत के मामले में प्रशासनिक अधिकारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, राम नरेश उरांव अपने दो साथियों के साथ खेत से गेहूं में पानी पाटकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुसमी के एसडीएम करूण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव वहां पहुंचे और वैध बॉक्साइट खनन का आरोप लगाते हुए तीन ग्रामीणों को पकड़ा था। पीड़ित पक्ष के बयान के अनुसार, बिना किसी पूछताछ के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि लाठी-डंडों से की गई पिटाई में राम नरेश उरांव को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
वहीं घटना के बाद पूरे दिन आदिवासी समाज और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शन और विरोध के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुसमी एसडीएम करूण डहरिया समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। देर रात सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामले की जांच जारी है।
कौन है आरोपी एसडीएम करूण डहरिया
Balrampur News: बता दें कि, कोरबा निवासी कुसमी के एसडीएम करूण डहरिया 2019 बैच के हैं। पारिवारिक स्थिति काफी मजबूत है। उनके खिलाफ पहले भी कई अपराध दर्ज है। जानकारी के अनुसार, साल 2022 में 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए थे। कहा गया था कि, बोरवेल का पैसा जारी करने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। ACB ने भी ने गिरफ्तार किया था।




