Raipur News: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने CM को लिखा पत्र, शिक्षा विभाग के इस आदेश पर चिंता जताते हुए की निरस्त करने की मांग

रायपुर। Raipur News: छत्तीसगढ़ में अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों के पेंशनरों से जुड़ा मामला अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तक पहुंच गया है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पेंशन और ग्रेच्युटी व्यवस्था को पूर्ववत जारी रखने की मांग की है।
40 साल से जारी व्यवस्था बंद करने पर जताई चिंता
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पत्र में कहा है कि अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों के कर्मचारियों और पेंशनरों को करीब 40 वर्षों से पेंशन एवं ग्रेच्युटी का लाभ मिलता आ रहा है। ऐसे में पेंशन व्यवस्था को बंद करने संबंधी उच्च शिक्षा विभाग के आदेश से बुजुर्ग पेंशनरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से उच्च शिक्षा विभाग के संबंधित आदेश को निरस्त करने और पहले की तरह पेंशन एवं ग्रेच्युटी का भुगतान जारी रखने का आग्रह किया है।
70 से 90 वर्ष के पेंशनरों की मुश्किलों का हवाला
बृजमोहन अग्रवाल ने पत्र में विशेष रूप से 70 से 90 वर्ष की आयु के पेंशनरों की स्थिति का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि इस उम्र में पेंशन ही कई बुजुर्गों की नियमित आजीविका और इलाज का प्रमुख सहारा है। अचानक पेंशन व्यवस्था प्रभावित होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक परेशानियां खड़ी हो सकती हैं।
CM से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील
Raipur News: सांसद ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही पेंशन और ग्रेच्युटी व्यवस्था को बंद करने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने पेंशनरों के हित में पेंशन एवं ग्रेच्युटी भुगतान को पूर्ववत जारी रखने की मांग की है।




