Fake Cigarettes: सिगरेट पीने वाले हो जाएं सावधान, नकली ब्रांडेड सिगरेट बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ भारी मात्रा में सामान बरामद
मेरठ। Fake Cigarettes: हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली ब्रांडेड सिगरेट तैयार करने के एक बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। कंपनी के अधिकारियों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दूधली गांव के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक भवन से बड़ी संख्या में तैयार और अधबनी नकली सिगरेट के साथ सिगरेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, फैक्टरी में सिगरेट तैयार करने के लिए मशीनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
कंपनी की गोपनीय जांच से सामने आया मामला
बताया गया कि बाजार में नकली सिगरेट की बिक्री बढ़ने से संबंधित कंपनी के कारोबार पर असर पड़ रहा था। इसके बाद कंपनी की ओर से अपने स्तर पर गोपनीय जांच कराई गई। जांच के दौरान हस्तिनापुर के खादर क्षेत्र में नकली सिगरेट तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। जानकारी मिलने के बाद कंपनी के मैनेजर ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कंपनी प्रतिनिधि के साथ मिलकर दूधली गांव में बताए गए स्थान पर दबिश दी। छापेमारी में अवैध फैक्टरी का संचालन सामने आया।
दिल्ली के व्यक्ति से जुड़े होने का दावा
प्रारंभिक जांच में इस अवैध कारोबार का कनेक्शन दिल्ली निवासी रवि नाम के व्यक्ति से जुड़ा होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नकली सिगरेट कहां तैयार की जाती थी और इन्हें किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
Fake Cigarettes: पुलिस अब फैक्टरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही नकली सिगरेट की सप्लाई, खरीद-बिक्री और इस अवैध कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। छापेमारी में बरामद मशीनों, तैयार सिगरेट, अधबने उत्पाद, कच्चे माल और पैकिंग सामग्री का पुलिस द्वारा विवरण तैयार किया जा रहा है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत का आकलन भी जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




