CG Ganja Seized: ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी नशे की खेप, करोड़ों के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
सक्ती। CG Ganja Seized: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए 208 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 208.04 किलोग्राम है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये आंकी गई है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा सिग्ना ट्रेलर को भी जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह अवैध खेप ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी। पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद विशेष रणनीति बनाकर लगातार 26 घंटे तक नाकाबंदी और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान डभरा थाना क्षेत्र के फगुरम चौकी के पास संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी अर्पित सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले से जुड़े एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।
CG Ganja Seized: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। सक्ती पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।




