CG NEWS:ग्रीन स्टील को लेकर CM साय का बड़ा फोकस,छत्तीसगढ़ में ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

प्रविंस मनहर/रायपुर – छत्तीसगढ़ में ग्रीन स्टील और डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग ऑन ग्रीन स्टील’ में ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश में करीब 10,921 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का स्टील केवल कच्चे रूप में प्रदेश से बाहर न जाए, बल्कि यहीं ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग, रेलवे, रक्षा और सौर ऊर्जा उपकरण जैसे डाउनस्ट्रीम एवं स्पेशियलिटी उत्पादों में बदला जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को करीब ₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में अधिक निवेश, मूल्य संवर्धन और रोजगार के अवसर पैदा करना है। साय ने कहा कि ग्रीन स्टील के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की 26 हजार मेगावाट से अधिक विद्युत उपलब्धता और प्रतिस्पर्धी औद्योगिक बिजली दरें ऊर्जा आधारित उद्योगों के लिए अनुकूल हैं। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य में प्रक्रियाएं पारदर्शी हैं और सरकार निवेश को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।




