CM Sai In Singapore: सिंगापुर दौरे पर CM साय, पहले दिन निवेश और ग्रीन डेवलपमेंट पर फोकस, छत्तीसगढ़ में निवेश का दिया न्योता
रायपुर। CM Sai In Singapore: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश बढ़ाने के साथ-साथ शहरी हरियाली, वनस्पति संरक्षण और ईको-टूरिज्म से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा की। मुख्यमंत्री का यह दौरा छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश और नई औद्योगिक संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री माननीय नायब सिंह सैनी जी, सिंगापुर में भारत के हाई कमिश्नर डॉ. शिल्पाक अंबुले, SBF के चेयरमैन मार्क ली और SBF के CEO कोक पिंग सून मौजूद थे। SBF के सदस्य मास्टरकार्ड, TCS, नेस्ले और IHCL के सीनियर प्रतिनिधि, साथ ही छत्तीसगढ़ से 7 सदस्यों का और हरियाणा से 26 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भी इसमें शामिल हुआ।
गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों से चर्चा
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों के साथ मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान नवा रायपुर के प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास को लेकर सिंगापुर की विशेषज्ञता और अनुभव का लाभ लेने पर जोर दिया गया। बैठक में शहरी क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने, पौधों एवं वनस्पतियों के संरक्षण और आधुनिक ग्रीन स्पेस विकसित करने के साथ ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के मॉडल पर भी विचार-विमर्श हुआ। सीएम साय ने कहा कि’यह कार्यक्रम भारतीय राज्यों और सिंगापुर के बिज़नेस समुदाय के बीच बातचीत के लिए एक अहम मंच साबित हुआ। मैंने छत्तीसगढ़ को निवेश के लिए एक उभरते हुए डेस्टिनेशन के तौर पर पेश किया और सिंगापुर के इंडस्ट्री लीडर्स को एक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में हमारे साथ पार्टनरशिप करने के लिए आमंत्रित किया।’
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए CM
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों और निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने राज्य में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधन, औद्योगिक संभावनाएं, कुशल मानव संसाधन और निवेश के अनुकूल वातावरण की जानकारी उद्योगपतियों के साथ साझा की।
MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग में निवेश का न्योता
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। खास तौर पर MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं और राज्य सरकार निवेशकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अगले दो दिन भी अहम कार्यक्रम
CM Sai In Singapore: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सिंगापुर दौरे के दौरान आने वाले दिनों में भी कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। 5 अक्टूबर को SING Forum और 6 अक्टूबर को CEO Roundtable में मुख्यमंत्री की भागीदारी होगी। इन कार्यक्रमों के जरिए सिंगापुर के उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और भविष्य की परियोजनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे का मुख्य फोकस छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश आकर्षित करने के साथ ग्रीन डेवलपमेंट, स्टार्टअप, MSME और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देना है।




