मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला के गले से चैन छीन कर ले उड़ा बदमाश, पहले भी कर चुका है यही कारनामा
रायपुर। Raipur News: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोने का मंगलसूत्र स्नेचिंग करने वाला आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। घटना 1 नवंबर की सुबह करीब साढ़े चार बजे की है, जब महिला रूबी बाई रोज़ की तरह टहलने निकली थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उनके पास आया और फूल मांगने के बहाने उनसे बात करने लगा। जैसे ही महिला पीछे मुड़ी, आरोपी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया।
वहीं महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने सिविल लाइन पुलिस के साथ मिलकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपी की पहचान जलविहार तेलीबांधा निवासी बिट्टू कुमार उर्फ साहिल के रूप में की जो पहले भी मोबाइल स्नेचिंग के मामले में जेल जा चुका है।
Raipur News: टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने का मंगलसूत्र और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की, जिसकी कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 304(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




