Aadhaar Update : अब घर बैठे बदल सकेंगे आधार में मोबाइल नंबर, UIDAI ने लॉन्च किया नया तरीका
Aadhaar Update : आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं को और सरल बनाने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने नई सुविधा शुरू की है। अब आधार धारकों को मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए बार-बार आधार सेवा केंद्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नए आधार मोबाइल ऐप के जरिए यह प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक आसान हो गई है।
UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि नया आधार ऐप उपयोगकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराएगा। इनमें मोबाइल नंबर अपडेट करने से लेकर पता बदलने और आधार केंद्र के लिए अपॉइंटमेंट बुक करने जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
ऐसे करें मोबाइल नंबर अपडेट
मोबाइल नंबर बदलने के लिए सबसे पहले उपयोगकर्ताओं को अपने स्मार्टफोन में नया आधार ऐप डाउनलोड करना होगा। यह ऐप एंड्रॉयड यूजर्स के लिए गूगल प्ले स्टोर और आईफोन यूजर्स के लिए ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। ऐप इंस्टॉल करने के बाद आधार नंबर की मदद से लॉगइन करना होगा। लॉगइन के बाद सर्विस सेक्शन में जाकर मोबाइल नंबर अपडेट का विकल्प चुनना होगा।
OTP और शुल्क के बाद पूरी होगी प्रक्रिया
मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए नया नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद उस नंबर पर प्राप्त ओटीपी को सत्यापित करना होगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। UIDAI के अनुसार मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए 75 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। भुगतान सफल होने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
अपडेट में लग सकते हैं 15 दिन
आधार ऐप में दी गई जानकारी के मुताबिक मोबाइल नंबर अपडेट होने में अधिकतम 15 दिनों का समय लग सकता है। इस दौरान विभाग द्वारा दस्तावेजों और विवरणों का सत्यापन किया जाएगा।
घर बैठे बदल सकेंगे पता भी
नया आधार ऐप केवल मोबाइल नंबर अपडेट करने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए उपयोगकर्ता अपने आधार में दर्ज पते को भी ऑनलाइन संशोधित कर सकते हैं। इससे लोगों को आधार केंद्र जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।
अपॉइंटमेंट बुकिंग की सुविधा भी
Aadhaar Update : यदि किसी सेवा के लिए आधार केंद्र जाना आवश्यक हो, तो ऐप के माध्यम से सीधे अपॉइंटमेंट भी बुक किया जा सकता है। इससे लंबी कतारों और अनावश्यक इंतजार से राहत मिलेगी। UIDAI की यह नई पहल आधार सेवाओं को डिजिटल और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




