एम्स क्लर्क से लिफ्ट के बहाने युवक ने की लूट, चाकू मारने की दी धमकी, बाइक की चाबी छीन कर हुआ फरार
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी में एक बार फिर लिफ्ट मांगकर लूट की वारदात सामने आई है। एम्स रायपुर में क्लर्क के पद पर कार्यरत नरेंद्र ठाकुर से एक अज्ञात युवक ने रविवार शाम न केवल पैसे छीने बल्कि चाकू मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना 17 नवंबर 2025 की शाम लगभग 6 बजे की है। नरेंद्र ठाकुर, जो ग्राम सेमरिया के निवासी हैं, ड्यूटी समाप्त कर अपनी मोटरसाइकिल सीजी 04 एमजे 0573 से जीई रोड होते हुए अपने घर लौट रहे थे। राजकुमार कॉलेज के सामने वे काम से रुके थे। इसी दौरान करीब 18–20 वर्ष का एक युवक, जिसकी दाहिनी आंख नकली थी, उनके पास आया और घर तक छोड़ने की बात कहने लगा।
नरेंद्र ने मानवीयता दिखाते हुए युवक को अपनी बाइक में बैठा लिया। जब वे पुरानी शराब भट्ठी आश्रम तिराहा पहुंचे, तो युवक ने वहीं उतरने की बात कहकर बाइक रुकवाई। जैसे ही बाइक रोकी, आरोपी ने अचानक मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली और पैसे की मांग करने लगा। पीड़ित के मना करने पर उसने गाली–गलौज की और चाकू से मारने की धमकी दी।
Raipur News: इसके बाद आरोपी ने नरेंद्र ठाकुर की शर्ट की जेब में रखे 2,200 रुपये (500 के चार नोट और 100 के दो नोट) झपट्टा मारकर छीन लिए और घटनास्थल से फरार हो गया। पीड़ित ने तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।




