Bhilai CBI Raid: भिलाई PP यार्ड में CBI की रेड, अधिकारी पर लगे रिश्वत के गंभीर आरोप, जांच जारी
भिलाई। Bhilai CBI Raid: भिलाई-चरोदा स्थित SECR के PP यार्ड में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। ठेकेदार की शिकायत के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम यार्ड पहुंची और रेलवे के सीनियर DME अनमोल उइके से पूछताछ शुरू की गई है। फिलहाल मौके पर जांच और पूछताछ की कार्रवाई जारी है।
रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद पहुंची CBI टीम
जानकारी के मुताबिक, भिलाई-चरोदा के PP यार्ड में रेलवे के वैगन के मेंटेनेंस से जुड़े कार्य किए जाते हैं। इसी काम के बिल को पास कराने के एवज में एक अधिकारी द्वारा ठेकेदार से कथित तौर पर रिश्वत मांगे जाने की शिकायत CBI तक पहुंची थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की प्रारंभिक जानकारी जुटाई और इसके बाद टीम ने यार्ड में पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
देर रात यार्ड पहुंची 10 से ज्यादा अधिकारियों की टीम
सूत्रों के अनुसार, CBI की 10 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम देर रात PP यार्ड पहुंची। टीम ने मौके पर पहुंचने के बाद संबंधित अधिकारी से पूछताछ शुरू की और मामले से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। हालांकि, CBI की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
वैगन मेंटेनेंस से जुड़ा है मामला
PP यार्ड में रेलवे के वैगनों की मेंटेनेंस संबंधी गतिविधियां संचालित होती हैं। शिकायत में बिल भुगतान और उसे पास कराने की प्रक्रिया से जुड़े कथित लेनदेन का आरोप लगाया गया है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।
2023 में भी CBI कर चुकी है कार्रवाई
बताया जा रहा है कि साल 2023 में भी CBI ने इसी PP यार्ड में कार्रवाई की थी। उस समय जांच के दौरान यार्ड को सील किए जाने की जानकारी सामने आई थी। अब एक बार फिर इसी परिसर में CBI की कार्रवाई होने से रेलवे महकमे में हलचल बढ़ गई है।
Independence Day 2026: 79वां या 80वां…इस साल कौन सा स्वतंत्रता दिवस मनाएगा देश ? यहां जानें सही जवाब
जांच के बाद स्पष्ट होगी पूरी तस्वीर
Bhilai CBI Raid: फिलहाल CBI की टीम मौके पर मौजूद है और मामले से जुड़े अधिकारियों एवं दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। CBI की आधिकारिक रिपोर्ट या कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रिश्वत संबंधी शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या है।




