Chingra Pagar Waterfall: चिंगरा पगार वॉटरफॉल में बवाल, दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, वाहनों में की गई तोड़फोड़
गरियाबंद। Chingra Pagar Waterfall: गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चिंगरापगार वाटरफॉल में रविवार को पार्किंग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हो गया। विवाद के बाद स्थानीय समिति के युवकों ने मारपीट का आरोप लगाया, जबकि नाराज़ ग्रामीणों ने दूसरे पक्ष के वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए 5 युवकों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग से कुछ युवक चिंगरापगार वाटरफॉल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान पार्किंग को लेकर उनका स्थानीय समिति के सदस्यों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हंगामे और मारपीट तक पहुंच गई। स्थानीय समिति के युवकों का आरोप है कि बाहरी युवकों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें धमकाया।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि दुर्ग से आए युवक नशे की हालत में थे और लगातार बहस कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, वाटरफॉल का प्रवेश समय शाम 3 बजे तक निर्धारित है, लेकिन इसके बाद भी युवक जबरन अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। मना करने पर विवाद शुरू हो गया।
Chingra Pagar Waterfall: घटना से नाराज़ ग्रामीणों ने युवकों के वाहन में तोड़फोड़ कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने 5 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



