डेहरी में विधायक पुत्र के जन्मोत्सव में साड़ी वितरण के दौरान मची भगदड़, महिला की मौत
भीड़ में गिरने से लगी गंभीर चोट, इलाज के दौरान तोड़ी दम; परिवार का आरोप—"समय पर इलाज मिलता तो बच जाती"

रोहतास जिले के डेहरी में राजद विधायक फतेह बहादुर सिंह के पुत्र के जन्मोत्सव के दौरान बांटी जा रही साड़ी और मिठाई एक महिला की मौत का कारण बन गई। सोमवार को पाली मोड़ स्थित बुद्ध विहार होटल में हुए इस आयोजन में अफरातफरी के बीच न्यू गंगौली गांव निवासी 45 वर्षीय रुक्मणी देवी गिर पड़ीं और सिर में गंभीर चोट लग गई।
परिजनों के अनुसार, रुक्मणी देवी को अनुमंडल अस्पताल और फिर सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर पटना रेफर किया गया। मंगलवार को पटना ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतका के छोटे बेटे धनजी का आरोप है कि हादसे के बाद करीब एक घंटे तक उन्हें होटल में ही रोके रखा गया और देर से अस्पताल भेजा गया। “अगर समय पर इलाज मिलता तो शायद मां की जान बच जाती,” उन्होंने कहा।
विधायक का पक्ष
राजद विधायक फतेह बहादुर सिंह ने घटना पर सफाई देते हुए कहा कि महिला होटल की सीढ़ी से गिरकर बेहोश हुई थी। “गार्ड और कर्मियों ने उन्हें उठाकर होटल में आराम करने के लिए रखा। बाद में परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया,” उन्होंने कहा।
मामले में फिलहाल पुलिस जांच जारी है।




