
नई दिल्ली। कोरोना के बीच आज यानी एक अगस्त से जेब और जिंदगी में असर डालने वाले कई बदलाव लागू हो रहे हैं। मसलन- अब बैंक से होने वाले लेन-देन रविवार और छुट्टियों के दिन भी हो सकेंगे। तनख्वाह-पेंशन भी छुट्टियों के दिन मिलेगी। जबकि एटीएम इंटरचेंज (अपने के बजाय किसी दूसरे बैंक की मशीन से पैसे निकालना) फीस 15 रुपए से बढ़ाकर 17 रुपए हो जाएगी। गैर-वित्तीय लेन-देन पर भी शुल्क पांच से बढ़ाकर छह रुपए हो जाएगा।
रिजर्व बैंक ने नेशनल ऑटोमेटेड क्लियरिंग हाउस सिस्टम को सातों दिन चालू रखने का फैसला किया है। इसके बाद छुट्टी वाले दिन बैंक खाते से कर्ज की किस्त भी कटेगी। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक भी पैसा निकालने, जमा करने और चेक बुक के चार्ज सहित कई नियमों में बदलाव कर रहा है। अब इसकी चेक से महीने में केवल चार बार मुफ्त लेन-देन किया जा सकेगा।
इससे ज्यादा बार जमा या निकासी पर हर बार 150 रुपए का चार्ज देना होगा। इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक की डोरस्टेप (घर पर) बैंकिंग सुविधा के लिए भी 20 रुपए ज्यादा जीएसटी (उत्पाद एवं सेवा कर) देना होगा। अभी तक यह सुविधा नि:शुल्क थी। इसके अलावा हर महीने की पहली तारीख को केंद्र सरकार घरेलू सिलेंडर की नई कीमत की घोषणा करती है।




