Raipur News: आदतन बदमाश पर पुलिस का बड़ा एक्शन,18 FIR दर्ज, 3 महीने तक इन 6 जिलों में नहीं कर सकेंगे प्रवेश

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक आदतन अपराधी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत आरोपी मोहम्मद गनी को तीन महीने के लिए छह जिलों से जिला बदर करने का आदेश जारी किया है।
आरोपी मोहम्मद गनी, टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह वर्ष 2016 से लगातार गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम समेत कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। इसके बाद पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र की रिपोर्ट और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के आधार पर जिला बदर की कार्रवाई की गई।
Raipur News: आदेश के तहत मोहम्मद गनी को अगले तीन महीने तक रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का माहौल बना रहे।




