Ambikapur News: मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोई मेयर मंजूषा भगत, लगे रिश्वत के आरोप, कथित वायरल ऑडियो से गरमाई सियासत
अंबिकापुर। Ambikapur News: अंबिकापुर की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हो गया। वायरल ऑडियो में मेयर मंजूषा भगत और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया का नाम सामने आने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वायरल ऑडियो के संबंध में दावा किया जा रहा है कि कलाकेंद्र मैदान में मीना बाजार लगाने की अनुमति के बदले संचालक से बड़ी रकम की मांग की गई थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
इस पूरे मामले पर मेयर मंजूषा भगत ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह उनके और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से रची गई सुनियोजित साजिश है। उनका कहना है कि कथित ऑडियो को जानबूझकर वायरल कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए मेयर ने आजाक थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत दर्ज कराने के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान मेयर भावुक भी नजर आईं। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।
Ambikapur News: दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस कथित वायरल ऑडियो की सत्यता, उसके स्रोत और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले ने अंबिकापुर की राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल ऑडियो वास्तविक है या किसी साजिश के तहत तैयार कर प्रसारित किया गया है।




