Kutta Janta Party: कॉकरोच के बाद अब ‘कुत्ता जनता पार्टी’ की एंट्री, BPSC अधिकारी की टिप्पणी पर भड़के छात्र, लगाए KJP जिंदाबाद के नारे
पटना। Kutta Janta Party: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का आंदोलन अब सोशल मीडिया पर भी नए अंदाज में नजर आने लगा है। BPSC के एक अधिकारी की टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि नाराज छात्रों ने सोशल मीडिया पर अपनी एक अलग ‘पार्टी’ बना ली। इसका नाम ‘कुत्ता जनता पार्टी’ (KJP) रखा गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ युवा हाथों में बैनर लेकर विरोध जताते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे ‘कुत्ता जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आते हैं। बैनर पर लिखा है कि BPSC ने छात्रों की तुलना कुत्तों से की और इस कथित अपमान को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
BPSC अधिकारी की टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, BPSC के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभ्यर्थियों से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान छात्रों की ओर से शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर अपनाई गई नई व्यवस्था पर सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी परीक्षा को प्रीलिम्स और मेन्स के दो चरणों में कराने की व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। कुछ छात्रों का दावा है कि इस बदलाव से हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों को नुकसान हो सकता है। इसी दौरान अधिकारी ने आयोग के फैसले से असहमति रखने वालों को न्यायालय जाने की बात कही। इसके बाद उन्होंने एक प्रचलित कहावत का इस्तेमाल किया—“हाथी चले बाजार, कुत्ता भौंके हजार।” यही टिप्पणी बाद में विवाद की वजह बन गई।
छात्रों ने सोशल मीडिया पर शुरू किया विरोध
वीडियो सामने आने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों के एक वर्ग ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर विरोध का नया तरीका देखने को मिला। छात्रों ने ‘कुत्ता जनता पार्टी’ नाम से पोस्ट और वीडियो साझा करने शुरू कर दिए। देखते ही देखते यह नाम सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
विपक्ष ने भी सरकार को घेरा
विवाद बढ़ने के बाद विपक्ष ने भी मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। RJD नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अधिकारी से माफी की मांग की और सरकार से मामले में कार्रवाई करने की बात कही। तेजस्वी यादव ने गर्दनीबाग पहुंचकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से मुलाकात भी की। छात्रों ने उनके सामने अधिकारी की टिप्पणी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
अधिकारी ने जारी किया स्पष्टीकरण
विवाद बढ़ने के बाद BPSC परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने वीडियो जारी कर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उन्होंने बातचीत के दौरान केवल एक प्रचलित कहावत का इस्तेमाल किया था और उनके बयान को संदर्भ से अलग करके देखा गया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें इसका खेद है।
सोशल मीडिया पर ‘पार्टियों’ का नया ट्रेंड
‘कुत्ता जनता पार्टी’ को सोशल मीडिया पर विरोध दर्ज कराने के लिए बनाए जा रहे ऐसे ही नामों की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। हाल के समय में अलग-अलग मुद्दों को लेकर मीम और डिजिटल कैंपेन के जरिए इसी तरह के पार्टी नाम सोशल मीडिया पर चर्चा में आते रहे हैं।
Kutta Janta Party: फिलहाल BPSC परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। एक तरफ अधिकारी अपनी टिप्पणी को कहावत बता रहे हैं, वहीं छात्र इसे अपने सम्मान से जोड़कर विरोध जता रहे हैं। इसी विवाद के बीच ‘कुत्ता जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर छात्रों के विरोध का नया प्रतीक बनकर सामने आई है।
CJP के बाद पेश है बिहार की KJP…. कुत्ता जनता पार्टी….#Bihar #BPSC #BiharStudentsProtest pic.twitter.com/Uqptf56bPJ
— Garima Bharti (@GarimaBharti19) August 25, 2026




