Raipur News: नकटी के बाद अब तुता में नोटिस से हड़कंप, NRDA ने 35 घरों में चस्पा किए नोटिस, ग्रामीणों में दहशत
रायपुर। Raipur News: नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब राजधानी से लगे तुता गांव में भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने गांव के 35 मकानों पर नोटिस चस्पा किया है। नोटिस मिलने के बाद पूरे गांव में भय और अनिश्चितता का माहौल बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, नोटिस मिलने के बाद परिवारों में भारी चिंता है। लोगों का कहना है कि नकटी में हुई कार्रवाई के बाद वे पहले से ही डरे हुए थे और अब तुता में नोटिस मिलने से लोगों की बेचैनी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का दावा है कि गुरुवार को नोटिस मिलने के बाद कई घरों में लोग इतने तनाव में थे कि भोजन तक नहीं बन सका।
जानकारी के मुताबिक, एनआरडीए ने नोटिस का जवाब 6 जुलाई तक प्रस्तुत करने के लिए कहा है। नोटिस में संबंधित पक्षों से अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके बाद आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया तय की जाएगी। गांव में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी इस स्थिति से चिंतित बताए जा रहे हैं। कई परिवारों का कहना है कि उन्हें अपने भविष्य और आवास को लेकर असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण प्रशासन से स्पष्ट जानकारी और समाधान की मांग कर रहे हैं।
Raipur News: उल्लेखनीय है कि हाल ही में नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में मकानों पर बुलडोजर चलाया गया था। इसके बाद से आसपास के गांवों में भी लोगों के बीच आशंका का माहौल बना हुआ है। ऐसे में तुता गांव में नोटिस जारी होने के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है। फिलहाल, एनआरडीए की ओर से नोटिस जारी किए जाने के संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे नियमानुसार अपना जवाब प्रस्तुत करेंगे और प्रशासन से निष्पक्ष सुनवाई की अपेक्षा रखते हैं।




