Raipur News: बुझ गया घर का चिराग, जन्मदिन मनाने गए युवक की नदी में डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में एक बार फिर लापरवाही और असावधानी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सातपाखर में डूबने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दर्दनाक बात ये है कि जिस दिन युवक अपना जन्मदिन मना रहा था, उसी दिन नदी की गहराई ने उसकी जिंदगी छीन ली। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है, वहीं एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी है।
मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सातपाखर का है, जहां गुढ़ियारी के शुक्रवारी बाजार निवासी 20 वर्षीय रूपेश देवांगन अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि जन्मदिन के दौरान रूपेश और उसके दोस्त नदी किनारे घूम रहे थे। इसी दौरान रूपेश नहाने के लिए पानी में उतरा और धीरे-धीरे गहराई की ओर चला गया। कुछ ही देर में वह पानी में डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। परिजनों के मुताबिक, रूपेश के पिता ने उसे सातपाखर जाने से मना किया था, लेकिन दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने की जिद में वह वहां चला गया।
Raipur News: स्थानीय लोगों का कहना है कि सातपाखर में पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं और अब तक दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। गर्मी के दिनों में यहां बड़ी संख्या में लोग नहाने पहुंचते हैं, बावजूद इसके सुरक्षा इंतजाम नाकाफी नजर आते हैं।




