Deepak Baij News: ‘अत्याचार पर उतरी डरी हुई तानाशाही सरकार’, दीपक बैज ने सरकार पर साधा निशाना, कहा-‘पूरी की पूरी दाल ही काली है
रायपुर। Deepak Baij News: देशभर में SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन और प्रदर्शनकारियों पर हुई बर्बरता को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का बयान सामने आया है। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बर्बरता की निंदा करते हुए कहा कि, राहुल गांधी देश की जनता के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के लिए सड़क पर लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन भाजपा की डरी हुई तानाशाही सरकार सच्चाई से घबराकर दमन चक्र चला रही है। ‘वोट चोरी’ और चुनावी धांधली के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले नागरिकों पर बर्बरता यह दर्शाती है कि यह सरकार जनता के जनादेश से नहीं, बल्कि प्रशासनिक हेरफेर के दम पर सत्ता में टिकी रहना चाहती है। उन्होंने कहा कि, जनता के अधिकारों की रक्षा करना राजनीति नहीं, हमारा संवैधानिक कर्तव्य है। देश में लोकतंत्र पर सीधा हमला हो रहा है। हम इस पुलिसिया तानाशाही की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि, भाजपा सरकार लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि चुनावी गड़बड़ियों, वोट चोरी, सांसद विधायक चोरी करके अपनी सरकार बनाते हैं, सत्ता बरकरार रखने अनैतिक पैंतरे आजमाते हैं और जन-अधिकारों की बात उठाने वाले नागरिकों और कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया बल प्रयोग करते हैं।
दमनकारी नीति अपना रही सरकार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि, संवैधानिक रूप से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करने का अधिकार हर नागरिक को है। सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं और चुनाव प्रणाली पर उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय दमनकारी नीति अपना रही है। जब जनता की आवाज़ और वोट के अधिकार पर हमला होता है, तो इसका सीधा असर लोकतंत्र की रीढ़, युवाओं, किसानों, आदिवासियों और आम नागरिकों पर पड़ता है। उनके लोकतांत्रिक अधिकार छीने जा रहे हैं। राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे संवैधानिक मुद्दों और जन-अधिकारों की आवाज़ से भाजपा सरकार इतनी घबराई हुई क्यों है?
संवैधानिक अधिकारों के लिए लड़ रहे राहुल गांधी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि कांग्रेस की सोच और नीति सदैव जन-आंदोलनों को सुनने, संवाद कायम करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की रही है। राहुल गांधी सड़क से लेकर संसद तक देशवासियों के संवैधानिक अधिकारों के लिए निर्भीक होकर लड़ रहे हैं। इसके विपरीत, वर्तमान भाजपा सरकार विरोध के हर स्वर को दबाने के लिए बर्बरता और तानाशाही का सहारा ले रही है। जब सरकार के पास जवाब नहीं होते, तब वह लाठी और पुलिस का सहारा लेती है। वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर किए जा रहे फर्जीवाड़े पर सवाल उठाने वालों पर बर्बरता यह साबित करती है कि दाल में कुछ काला नहीं पूरी की पूरी दाल ही काली है।
सरकार से पूछे सवाल
Deepak Baij News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि, जनता के वोट के अधिकार और निष्पक्ष चुनाव की मांग करने वालों पर यह बर्बरता और दमनकारी रवैया क्यों अपनाया जा रहा है? क्या लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना और सवाल पूछना अब अपराध हो गया है? वोट चोरी के आरोपों का जवाब तथ्यों और निष्पक्ष जाँच से देने के बजाय सरकार लाठियों के पीछे क्यों छिप रही है? जो सरकार जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा नहीं कर सकती, उसे सत्ता में बने रहने का क्या नैतिक अधिकार है? देश के गद्दार और लोकतंत्र के आरोपी ज्ञानेश कुमार को बचाने भाजपा सरकार निर्ममता पूर्वक बर्बरता पर उतर आई है।




