Surat News: तीसरी मंजिल से गिरा 10 साल का बच्चा, कंधे को चीरते हुए मुंह से बाहर निकला सरिया और फिर…
सूरत। Surat News: गुजरात के सूरत के उन इलाके में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। मिस्वाहुन नगर स्थित महमुदिया मदरसे में पढ़ने वाला 10 वर्षीय बच्चा तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गिरने के दौरान वह पास की निर्माणाधीन इमारत में निकले लोहे के सरिये पर जा गिरा। सरिया बच्चे के कंधे और गर्दन के पीछे से होते हुए मुंह के रास्ते बाहर निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल स्थिति संभालते हुए कटर की मदद से सरिये को काटा और बच्चे को उसके शरीर में फंसे सरिये के हिस्से के साथ एंबुलेंस से सूरत के न्यू सिविल अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने करीब एक घंटे में किया जटिल ऑपरेशन
अस्पताल पहुंचने के समय बच्चे की हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों के मुताबिक उसके बचने की संभावना काफी कम थी। इमरजेंसी टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और जरूरी जांच के बाद उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्चे को एनेस्थीसिया देना था, क्योंकि सरिया उसके मुंह के भीतर से निकला हुआ था। विशेषज्ञों की टीम ने सावधानीपूर्वक प्रक्रिया पूरी की और करीब एक घंटे की जटिल सर्जरी के बाद सरिया सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया।
नसों को नहीं पहुंचा नुकसान
ऑपरेशन के दौरान राहत की बात यह रही कि बच्चे की गर्दन की प्रमुख रक्त वाहिकाओं को गंभीर नुकसान नहीं हुआ। लार ग्रंथि और कुछ मांसपेशियों में चोट आई थी, जिसे डॉक्टरों ने सर्जरी के दौरान ठीक कर दिया। फिलहाल बच्चा आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
Raksha Bandhan 2026: मिठाई खरीदने से पहले रहें सावधान, घर पर ऐसे पहचानें खोया-पनीर में मिलावट
CCTV फुटेज से सामने आएगा हादसे का कारण
Surat News: बच्चे के पिता के मुताबिक हादसे के समय वह काम पर गए हुए थे। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल की टीम का आभार जताते हुए कहा कि समय पर इलाज मिलने से बच्चे की जान बच सकी। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और इसमें किसी तरह की लापरवाही थी या नहीं, यह मदरसे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।



