Dhar Accident: कार चालक की खौफनाक हरकत, पिता-पुत्र को मारी टक्कर, फिर बोनट पर लटकाकर 4 किमी दौड़ाई कार
क्या था पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी बाबूलाल निवासी सिर्वी मोहल्ला खेती-किसानी का काम करते हैं। घटना 21 अक्टूबर की शाम करीब 8 बजे की बताई गई है। बाबूलाल पैदल अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 2 की मुख्य सड़क पर सुतार मोहल्ला के पास कॉलोनी की तरफ से आ रही कार क्रमांक MP13-ZL-8063 ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद बाबूलाल ने चालक को वाहन सावधानी से चलाने की बात कही। इस पर चालक नाराज हो गया और कार से उतरकर उनके साथ मारपीट करने लगा।
बेटे ने फोटो खींचने की कोशिश की तो बढ़ा मामला
इसी बीच बाबूलाल का बेटा भारत भी मौके पर पहुंच गया। बताया गया है कि भारत ने कार चालक की हरकत का फोटो लेने की कोशिश की। आरोप है कि इससे गुस्साए चालक ने कार तेज गति से आगे बढ़ा दी, जिससे पिता और पुत्र दोनों बोनट पर जा गिरे। इसके बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और दोनों को बोनट पर लटकाए हुए करीब चार किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। पीड़ितों के चिल्लाने और वाहन रोकने की गुहार लगाने के बावजूद चालक के कार नहीं रोकने का आरोप है।
स्थानीय लोगों ने पीछा कर रुकवाई कार
घटना के दौरान बाबूलाल के मोहल्ले के रहने वाले धर्मेंद्र पिता ओंकारजी काग, जयदीप गुंजाल और अन्य लोग कार के पीछे पहुंचे। इन लोगों ने लोनी फाटा के पास वाहन को रुकवाया और पिता-पुत्र को बचाया। इस घटना में बाबूलाल के दाहिने हाथ की उंगलियों और पंजे, दाहिने पैर के घुटने तथा पसलियों में चोटें आने की जानकारी सामने आई है। वहीं, उनके बेटे भारत की दाहिनी कलाई, पहली उंगली और बाएं घुटने में चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
Dhar Accident: घटना के बाद घायल पिता-पुत्र ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। घटना ने इलाके में वाहन चलाने के दौरान लापरवाही और सड़क पर विवाद के हिंसक रूप लेने को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



