Raipur News: डिप्टी कलेक्टर पर दहेज प्रताड़ना का मामला, लग्जरी कार और करोड़ों रुपये की मांग का आरोप, पत्नी की शिकायत पर FIR दर्ज
रायपुर। Raipur News: छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा के डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए रायपुर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और अन्य परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लग्जरी कार और करोड़ों रुपये की मांग का आरोप
शिकायत के मुताबिक, पूजा बंजारे की शादी जुलाई 2024 में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का दावा है कि उन पर मायके से लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाया गया।
गर्भावस्था के दौरान मारपीट का भी दावा
पूजा बंजारे ने अपनी शिकायत में गर्भावस्था के दौरान मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है। उनके अनुसार, समय से पहले प्रसव के दौरान भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें नवजात बच्चे के साथ मायके छोड़ दिया गया। शिकायत में अप्रैल और सितंबर 2026 के दौरान मायके पहुंचकर गाली-गलौज करने, तोड़फोड़ और हमला किए जाने के आरोप भी शामिल हैं। इन सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
काउंसलिंग विफल होने के बाद पुलिस कार्रवाई
मामले में पहले परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से विवाद सुलझाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, काउंसलिंग सफल नहीं होने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 115(2) और 3(5) के तहत पति और अन्य परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस जांच जारी
Raipur News: फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े आरोपों, शिकायत में बताए गए घटनाक्रम और संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोप अभी जांच के दायरे में हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




