MP Crime News: SNCU वार्ड में नवजात की मौत से सनसनी, एक दिन की मासूम की गला दबाकर हत्या, गले पर मिले गहरे निशान
अशोकनगर। MP Crime News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल से नवजात बच्ची की मौत का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के SNCU वार्ड में भर्ती महज एक दिन की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत गला दबाए जाने के कारण होने की पुष्टि हुई है।
जानकारी के मुताबिक, चंदेरी क्षेत्र के सकरा गांव की रहने वाली भावना ने देर रात एक बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात को चिकित्सकीय निगरानी के लिए SNCU वार्ड में भर्ती कराया गया। अगले दिन दोपहर अचानक बच्ची की हालत बिगड़ी, जिसके बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर मिले चोट के निशान
बच्ची की जांच के दौरान डॉक्टरों को उसके गले पर नीले-लाल रंग के दबाव के निशान दिखाई दिए। इसके अलावा उसके मुंह से भी खून निकलने की बात सामने आई। इन परिस्थितियों को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। सिविल सर्जन डॉ. बीएल टैगोर के मुताबिक, बच्ची की मां ने बताया कि उसने नवजात को दूध पिलाया था। इसके कुछ समय बाद बच्ची को अचेत अवस्था में पाया गया। डॉक्टरों की जांच के बाद मौत के कारण को लेकर संदेह गहरा गया।
पोस्टमार्टम में सामने आया हत्या का एंगल
पुलिस की मौजूदगी में बच्ची का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में गला दबाए जाने की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या की दिशा में आगे बढ़ गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वार्ड के भीतर बच्ची के साथ घटना कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।
मां और दादी से पूछताछ
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान बच्ची के पास उसकी मां और दादी मौजूद थीं। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल के SNCU वार्ड में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश का अभी तक कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है। SNCU वार्ड में CCTV कैमरा नहीं होने के कारण पुलिस ने अस्पताल के प्रवेश द्वार, गलियारों और आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटानी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय वार्ड के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे।
Bihar Murder News: दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, ट्रिपल मर्डर से इलाके में फैली दहशत, सामने आई ये वजह
जांच में जुटी पुलिस
थाना पुलिस ने मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। परिवार के सदस्यों और अस्पताल से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नवजात की मौत को लेकर अस्पताल में हुई घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास जारी है।




