Raipur Crime News: रायपुर के इस इलाके में नाली में मिली युवक की लाश,हत्या कर शव फेंकने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

हिमांशु पटेल/रायपुर। Raipur Crime News: राजधानी रायपुर के अनुपम नगर इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां कॉलोनी के सुनसान इलाके की नाली में एक व्यक्ति की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया हत्या के बाद शव को नाली में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक अनुपम नगर कॉलोनी के आखिरी छोर पर स्थानीय निवासियों द्वारा मोहल्ले मे बढ़ते दुर्गन्ध के बाद आस पास देखा गया जिससे नाली में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। घटना स्थल मे मृतक के दोनों हाथ बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
Raipur Crime News: घटनास्थल के आसपास का इलाका अपेक्षाकृत सुनसान रहता है और कॉलोनी का आखिरी छोर होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही भी कम रहती है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। साथ ही मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।




