Dubai-Tel Aviv Flight: जानें कौन है पायलट स्मित मच्छार, जिनकी सूझबूझ ने बचाई 180 यात्रियों की जान, पीएम मोदी ने भी की तारीफ
दुबई/तेल अवीव। Dubai-Tel Aviv Flight: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान अचानक ऐसी स्थिति पैदा हो गई, जिससे विमान में सवार यात्रियों और क्रू के बीच हड़कंप मच गया। रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान तेजी से नीचे आने लगा और कुछ ही समय में लगभग 14 हजार फीट की ऊंचाई कम हो गई। इसी दौरान कॉकपिट में कथित तौर पर को-पायलट और कैप्टन के बीच हाथापाई की घटना सामने आई।
कॉकपिट में कथित हमले से बढ़ी चिंता
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित रूप से हमला किया। इसके बाद विमान के अचानक नीचे आने से यात्रियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच संभावित हाईजैक की आशंका पैदा हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने विमान को संभालने की कोशिश जारी रखी। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा अनलॉक कर मदद के लिए आवाज लगाई। इसके बाद विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद की।
सऊदी अरब के तबुक डायवर्ट की गई फ्लाइट
स्थिति को देखते हुए फ्लाइट को उसके निर्धारित मार्ग से हटाकर सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया गया। विमान ने वहां सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाइट में कुल 180 लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना के दौरान विमान के तेजी से नीचे आने से कुछ समय के लिए यात्रियों के बीच भय का माहौल बना रहा। हालांकि, विमान को सुरक्षित तरीके से डायवर्ट कर लैंड कराया गया।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
इस घटना के केंद्र में आए कैप्टन स्मित मच्छार भारतीय मूल के पायलट बताए जाते हैं। उन्होंने जून 2022 में डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के तौर पर फ्लाईदुबई में अपना करियर शुरू किया था। फ्लाईदुबई में शामिल होने से पहले वह स्पाइसजेट में लंबे समय तक पायलट के रूप में काम कर चुके हैं। उन्होंने स्पाइसजेट में 11 साल से अधिक समय बिताया और इस दौरान सीनियर कमांडर तथा बाद में लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी भी संभाली।
2022 में दुबई शिफ्ट हुए थे
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़ने के बाद स्मित मच्छार दुबई चले गए थे। वह अपने दो बच्चों के साथ वहां रहते हैं। 2025 में एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने अपने पेशेवर और निजी जीवन के बीच संतुलन को लेकर भी बात की थी। उन्होंने बताया था कि यूनिफॉर्म पहनने के बाद उनका पूरा ध्यान अपने काम पर रहता है और वह गैर-जरूरी बातों से खुद को अलग रखते हैं।
घटना की जांच पर नजर
फ्लाइट में हुई इस घटना के बाद विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब में उतार लिया गया। हालांकि, कॉकपिट में कथित तौर पर क्या हुआ, विमान के अचानक इतनी ऊंचाई से नीचे आने की पूरी वजह क्या थी और घटना में शामिल लोगों की वास्तविक भूमिका क्या रही—इन सवालों का विस्तृत जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल यह घटना विमानन सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर बताई जा रही है और इससे जुड़े तथ्यों की आधिकारिक जांच महत्वपूर्ण होगी।
पीएम मोदी ने की तारीफ
Dubai-Tel Aviv Flight: कैप्टन स्मित मच्छर एक हीरो हैं। बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए ज़बरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया। उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन मच्छर पर गर्व है। हम उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत पाने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
Captain Smit Machchhar is a HERO.
In the face of the gravest danger and despite being seriously injured, he showed immense courage and an unwavering resolve to protect the lives of others.
His valour helped save hundreds of lives and avert a great tragedy.
India is proud of Captain Machchhar.
Praying for his speedy recovery, renewed strength and good health.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 1, 2026




