Liquor Shops Closed: मदिरा प्रेमियों के लिए बड़ी खबर…आज शाम से बंद रहेंगी शराब दुकानें, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
रायपुर। Liquor Shops Closed: राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन के दौरान निकलने वाली झांकी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने जिले में निर्धारित क्षेत्रों की शराब दुकानों को आज शाम से बंद रखने का आदेश जारी किया है।
नगर निगम क्षेत्र की सभी दुकानें बंद
जारी आदेश के अनुसार, आज शाम 4 बजे के बाद शराब की बिक्री बंद रहेगी। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन के आदेश का असर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी शराब दुकानों पर पड़ेगा। इसके अलावा आसपास के प्रमुख क्षेत्रों की शराब दुकानों को भी इस बंदी के दायरे में रखा गया है। बीरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र में संचालित शराब दुकानें भी शाम 4 बजे के बाद बंद रहेंगी।
झांकी के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर फोकस
गणेश विसर्जन झांकी के दौरान राजधानी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और झांकी समितियों के लोगों के जुटने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। शराब बिक्री पर रोक लगाने का उद्देश्य झांकी और विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को कम करना है।
प्रशासन ने जारी किया आदेश
Liquor Shops Closed: कलेक्टर गौरव कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित विभागों और शराब दुकानों के संचालकों को निर्धारित समय से बिक्री बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। गणेश विसर्जन से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमों की भी तैनाती रहेगी। राजधानी में झांकी और विसर्जन को लेकर पहले से ही ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से कार्यक्रम के दौरान निर्धारित मार्गों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



