IAS-PCS Transfer: चुनाव से पहले यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IAS-PCS समेत 48 अधिकारियों के तबादले, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी

लखनऊ। IAS-PCS Transfer: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों से पहले राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। देर रात जारी तबादला सूची में 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
सहारनपुर के CDO को मिली नई जिम्मेदारी
सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन का तबादला करते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। वहीं राज्यकर विभाग में अपर आयुक्त के पद पर तैनात डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया CDO बनाया गया है।
IT विभाग से PWD में भेजे गए राहुल सिंह
आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे राहुल सिंह को अब लोक निर्माण विभाग (PWD) में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का नया विशेष सचिव बनाया गया है।
लखीमपुर खीरी को मिला नया CDO
अयोध्या के ADM (सिटी) योगानंद पांडेय को पदोन्नति के बाद लखीमपुर खीरी का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं प्रयागराज में राजस्व परिषद के सदस्य साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्व परिषद में भी बदलाव
विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम और रेशम विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अंबेडकरनगर के CDO आनंद कुमार शुक्ला को रेशम विभाग का विशेष सचिव एवं निदेशक बनाया गया है। कुशीनगर के ADM (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा को अंबेडकरनगर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कई अन्य अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी
युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। सहारनपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को पदोन्नति के बाद अलीगढ़ मंडल का नया अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
नेहा शर्मा अतिरिक्त प्रभार से मुक्त
IAS-PCS Transfer: तबादला सूची में चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा का भी नाम शामिल है। उन्हें सचिव पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। राज्य सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी चुनावों से पहले प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनातियों के बाद संबंधित विभागों और जिलों में प्रशासनिक कामकाज में बदलाव देखने को मिलेगा।



