Jaipur News: टूरिस्ट गाइड की मौत के बाद बवाल, विरोध में ग्रामीणों ने किया बाजार बंद, इन मांगों को लेकर सड़क पर उतरे लोग
जयपुर। Jaipur News: आमेर महल के पास मावठा इलाके में सोमवार को हुए चाकूबाजी के मामले में घायल टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर आमेर पहुंचते ही स्थानीय लोगों और गाइड समुदाय में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में आमेर के बाजार बंद करा दिए गए। स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और टूरिस्ट गाइडों ने आमेर थाने के बाहर जुटकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गाड़ियों की आवाजाही को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे मावठा के पास वाहनों की आवाजाही को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी आमेर किले की तरफ जाने वाली गाड़ियों को रोक रहे थे। इसी दौरान जीप चालक आजम से उनकी कहासुनी हो गई। पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद आजम और उसके साथी नाजिश ने मनीष पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मनीष के पेट में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद आमेर में विरोध तेज
मनीष की मौत की जानकारी सामने आने के बाद आमेर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी और गाइड समुदाय के सदस्य आमेर थाने के बाहर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
विरोध के चलते आमेर के कई बाजार बंद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए आमेर महल की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव करते हुए रास्ता डायवर्ट किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में
आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के अनुसार, पुलिस ने मामले में जीप चालक आजम और उसके साथी नाजिश को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आजम के खिलाफ आमेर थाने में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
परिवार ने रखीं कई मांगें
मनीष की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई प्रमुख हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आमेर महल व आसपास के क्षेत्रों में संचालित अवैध या अनधिकृत जीपों पर रोक लगाने की मांग भी की है। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्व में शिकायतें किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर उन्होंने संबंधित SHO और जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने की मांग
Jaipur News: प्रदर्शनकारियों ने आमेर थाने के पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर करने और मनीष के परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी है। फिलहाल पुलिस ने आमेर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। आमेर महल की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जा रहा है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन की कोशिश है कि विरोध के बीच कानून-व्यवस्था बनी रहे।




