Namaste Yojana: स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा में छत्तीसगढ़ अव्वल, ‘नमस्ते’ योजना में हासिल की बड़ी उपलब्धि
रायपुर। Namaste Yojana: स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को लेकर छत्तीसगढ़ ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ‘नमस्ते’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहा है। प्रदेश में सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई से जुड़े कर्मियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा उपकरणों और प्रशिक्षण से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इस उपलब्धि पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
1428 कर्मियों को बांटी गई PPE किट
‘नमस्ते’ योजना के तहत प्रदेश में सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई का काम करने वाले 1428 कर्मियों को PPE किट वितरित की गई हैं। इन सुरक्षा उपकरणों का उद्देश्य सफाई कार्य के दौरान कर्मियों को संभावित जोखिमों से बचाना और उन्हें सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है।
1374 कर्मियों के बनाए गए आयुष्मान भारत कार्ड
स्वच्छता कर्मियों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। योजना के तहत 1374 कर्मियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए हैं। इससे पात्र कर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी।
139 कर्मियों को व्यावसायिक सुरक्षा प्रशिक्षण
सिर्फ सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ कर्मियों को सुरक्षित तरीके से काम करने के लिए प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। इसी क्रम में 139 स्वच्छता कर्मियों को व्यावसायिक सुरक्षा प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षित कार्य पद्धति, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियों पर ध्यान दिया जाता है।
प्रदेश में 47 ERSU स्थापित
आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ में 47 ERSU (Emergency Response Sanitation Units) स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य सीवर और सेप्टिक टैंक से संबंधित आपात स्थितियों में तेजी से प्रतिक्रिया देना और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।
14420 हेल्पलाइन का संचालन
स्वच्छता कर्मियों की सहायता और शिकायतों के समाधान के लिए प्रदेश में 14420 हेल्पलाइन का भी संचालन किया जा रहा है। इसके माध्यम से स्वच्छता कर्मियों से संबंधित समस्याओं और जरूरतों को संबंधित व्यवस्था तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा पर सरकार का फोकस
Namaste Yojana: ‘नमस्ते’ योजना के माध्यम से सरकार का फोकस सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई में लगे कर्मियों को जोखिम भरे काम से सुरक्षा देने, उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने पर है। छत्तीसगढ़ का देश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल करना प्रदेश में योजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने इस उपलब्धि के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए इसी तरह लगातार काम करने की बात कही है।
प्रमुख आंकड़े
- 1428 सीवर-सेप्टिक टैंक कर्मियों को PPE किट
- 1374 कर्मियों के आयुष्मान भारत कार्ड
- 139 कर्मियों को व्यावसायिक सुरक्षा प्रशिक्षण
- 47 ERSU की प्रदेश में स्थापना
- 14420 हेल्पलाइन का संचालन
- ‘नमस्ते’ योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में संयुक्त रूप से प्रथम




