Jhiram Ghati Naxal Attack Case: झीरम घाटी हत्याकांड मामले में आज आ सकता है बड़ा फैसला, NIA कोर्ट के फैसले पर टिकी नजरें
रायपुर। Jhiram Ghati Naxal Attack Case: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी हत्याकांड में आज, 5 सितंबर को अदालत का फैसला आने की संभावना जताई जा रही है। वर्ष 2013 में हुए इस नक्सली हमले में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं समेत कुल 29 लोगों की जान गई थी। लंबे समय से चल रही न्यायिक प्रक्रिया अब अहम मोड़ पर पहुंच चुकी है। 25 मई 2013 को दरभा क्षेत्र की झीरम घाटी में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को नक्सलियों ने निशाना बनाया था। इस हमले में तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, महेंद्र कर्मा समेत कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौत हुई थी।
10 आरोपियों पर सुनाया जा सकता है फैसला
मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ सुनवाई चली थी, जिनमें से एक आरोपी की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है। ऐसे में अब 10 आरोपियों से जुड़े मामले में अदालत के निर्णय पर सबकी निगाहें टिकी हैं। अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत के समक्ष 101 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए हैं। इसके साथ ही मामले से संबंधित विभिन्न दस्तावेज और साक्ष्य भी न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। लंबे समय से चल रही सुनवाई के बाद अब प्रकरण अंतिम चरण में पहुंच गया है।
अगस्त में पूरी हो चुकी है अंतिम बहस
झीरम मामले में दोनों पक्षों की ओर से अंतिम दलीलें 10 अगस्त को पूरी कर ली गई थीं। पक्षकारों की बहस सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब 5 सितंबर को संभावित निर्णय को लेकर पीड़ित परिवारों के साथ-साथ प्रदेशभर की नजरें अदालत पर टिकी हैं।
जांच को लेकर भी उठते रहे सवाल
झीरम घाटी हमले की जांच को लेकर शुरुआत से ही कई स्तरों पर सवाल और विवाद सामने आते रहे हैं। घटना के बाद न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा की अध्यक्षता में जांच आयोग का गठन किया गया था। बाद में वर्ष 2018 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया। इस बीच NIA और SIT की जांच को लेकर भी राजनीतिक और कानूनी स्तर पर कई सवाल उठाए गए। यही वजह है कि झीरम हत्याकांड का मामला वर्षों से प्रदेश की राजनीति और न्यायिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है।
CG Rain Alert: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
29 मौतों वाले हमले पर फैसले का इंतजार
Jhiram Ghati Naxal Attack Case: झीरम घाटी हमले को छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े और चर्चित नक्सली हमलों में गिना जाता है। इस घटना ने प्रदेश की राजनीति को गहरा झटका दिया था और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को खोना पड़ा था। करीब 13 साल बाद मामले में संभावित फैसला पीड़ित परिवारों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि अदालत 10 आरोपियों के मामले में क्या निर्णय सुनाती है।



