CG NEWS:नेपाल में बाढ़ से लापता भारतीयों को लेकर मंत्री राजेश अग्रवाल चिंतित,अंबिकापुर की डॉ.मीना गुप्ता की सुरक्षित वापसी के प्रयास तेज

प्रविंस मनहर/रायपुर – नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। लापता लोगों में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की रहने वाली डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं। डॉ. मीना गुप्ता ब्रिटेन में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं। मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने चिंता जताते हुए डॉ.मीना गुप्ता की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नेपाल स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने मामले में तत्काल विदेश मंत्रालय से संपर्क किया है। विदेश मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी डॉ. मीना गुप्ता के पिता एवं वरिष्ठ नेता कर्ताराम गुप्ता को उपलब्ध कराई गई है,ताकि उनकी बेटी से जुड़ी आवश्यक जानकारी मंत्रालय तक पहुंचाई जा सके। मंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में डॉ. मीना गुप्ता के परिवार की चिंता को समझा जा सकता है। प्रशासनिक और राजनयिक स्तर पर उपलब्ध माध्यमों के जरिए लगातार जानकारी साझा की जा रही है, ताकि उनकी तलाश और सुरक्षित वापसी के प्रयासों को गति मिल सके।




